रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विदेशी फंडिंग के इस्तेमाल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में सामने आया है कि अमेरिकी एजेंसी से जारी करीब 6.5 करोड़ रुपये बस्तर और धमतरी जिले में खपाए गए।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। ED ने बताया कि विदेशी बैंक डेबिट कार्ड के जरिए भारत में बड़ी मात्रा में कैश निकाला जा रहा था और इस राशि का उपयोग संदिग्ध गतिविधियों में किया जा रहा था।
एयरपोर्ट से आरोपी गिरफ्तार
मामले में कार्रवाई करते हुए ED ने मीका मार्क नाम के व्यक्ति को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
देशभर में ED की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, ED ने 18 और 19 अप्रैल को देशभर में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान कई राज्यों के 6 ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए।
TTI संगठन से जुड़े तार
जांच में यह मामला “The Timothy Initiative (TTI)” नामक संगठन और उससे जुड़े लोगों से संबंधित पाया गया है। यह संगठन ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य करता है।
जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद
फिलहाल ED यह पता लगाने में जुटी है कि इस विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल किन-किन गतिविधियों में किया गया और इसका अंतिम उद्देश्य क्या था। एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।









