कांकेर/नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार को नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED में ब्लास्ट होने से 4 जवान शहीद हो गए। शहीदों में DRG के इंस्पेक्टर और कॉन्स्टेबल शामिल हैं। घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के कोरोसकोडा जंगल की है, जहां सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन पर निकले थे।
जानकारी के मुताबिक, जवान नक्सलियों की ओर से लगाए गए IED को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे, तभी जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मौके पर ही 3 जवानों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जवान परमानंद कोर्राम को रायपुर एयरलिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह अभियान नक्सलियों के डंप और IED बरामद करने के लिए चलाया जा रहा था। सरेंडर नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर सर्च ऑपरेशन जारी था।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।







