Sunday, May 3, 2026

कोरबा से सरायपाली जा रही बस ग्राम कन्नौद के पास अनियंत्रित होकर पलटी, 50 से अधिक यात्री सवार थे

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरबा से सरायपाली जा रही यात्रियों से भरी बस बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम कन्नौद के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी।

इस हादसे में लगभग 15 लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी भी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई भी की, जिससे सड़क पर यातायात सामान्य किया जा सके।

हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और ओवरस्पीड से बचें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके