Wednesday, May 6, 2026

लॉकअप से हिस्ट्रीशीटर का Instagram Live, सिगरेट पीते वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां थाने के लॉकअप के अंदर से एक हिस्ट्रीशीटर का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। इस वीडियो में आरोपी न सिर्फ सिगरेट पीते नजर आ रहा है, बल्कि खुद को “किंग ऑफ बिलासपुर” बताते हुए पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे “जय माता दी” नाम के इंस्टाग्राम पेज से लाइव किया गया। वीडियो में हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय लॉकअप के अंदर मौजूद अन्य तीन आरोपियों के साथ दिखाई देता है। हैरानी की बात यह है कि वह लाइव के दौरान लॉकअप के भीतर के दृश्य, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और यहां तक कि थाना प्रभारी के कक्ष की झलक भी दिखाता नजर आता है।

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। लोगों ने सकरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कई यूजर्स ने आरोपी को “पुलिस का स्पेशल मेहमान” और “जिगरी दोस्त” बताते हुए तंज कसा। आमतौर पर लॉकअप में बंद आरोपियों की सख्त तलाशी ली जाती है और किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तु, जैसे मोबाइल या सिगरेट, रखने की अनुमति नहीं होती। ऐसे में आरोपी के पास मोबाइल फोन और सिगरेट का होना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक को दर्शाता है।

इस घटना ने पुलिस और आरोपी के बीच संभावित मिलीभगत की आशंका को भी जन्म दिया है। फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के बाद पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों के खिलाफ कैसी कार्रवाई होती है।