कोरबा। शहर के स्वर्ण विहार परिसर में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। 100 बेड अस्पताल के सामने आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में राजाधिराज अवंतिका नरेश बाबा महाकाल के प्रतीकात्मक दिव्य स्वरूप का आगमन हुआ है। बाबा के आगमन की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पूरा परिसर “हर हर महादेव” और “जय बाबा महाकाल” के जयकारों से गूंज उठा। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सभी श्रद्धा भाव के साथ बाबा महाकाल के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। भक्तों ने फूल-माला, बेलपत्र और जल अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
इस दिव्य आयोजन में बाबा महाकाल के चरणसेवक पूज्य कलानिधि चंचल अभ्युदय सतीश सक्सेना जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित हैं। महाराज श्री अपने मुखारविंद से बाबा महाकाल की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दे रहे हैं। उनके प्रवचनों को सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कोरबा के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी लोग बाबा महाकाल के दर्शन के लिए स्वर्ण विहार पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित दर्शन, पूजन और महाआरती की व्यवस्था की गई है। समिति के अनुसार यह धार्मिक आयोजन आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।








