कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना पाली पुलिस ने मेन रोड हाईवे और एनएच-130 पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े ट्रेलर वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए 7 ट्रेलरों पर वैधानिक कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार सरायपाली बुडबुड खदान क्षेत्र में कोयला लोडिंग के लिए आने वाले ट्रेलर वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते थे, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश तिवारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान हाईवे पर बेतरतीब ढंग से खड़े 7 ट्रेलर वाहनों के चालकों के खिलाफ धारा 285 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
पाली पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों और हाईवे पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। इसके अलावा खदान प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को भी समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









