Tuesday, May 12, 2026

बड़ा नक्सल ऑपरेशन: 1 करोड़ से ज्यादा कैश, ऑटोमैटिक हथियार और भारी विस्फोटक बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर मंगलवार को सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। अबूझमाड़ के घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया गया, जिसमें 1 करोड़ रुपए से अधिक नकदी, ऑटोमैटिक हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।

यह कार्रवाई जिला नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ के संयुक्त अभियान के तहत की गई। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों की टीम ने अबूझमाड़ इलाके में सर्चिंग के दौरान संदिग्ध स्थान पर छिपाकर रखा गया नक्सल डंप खोज निकाला।

डंप से बरामद हुआ खतरनाक जखीरा
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने मौके से कुल 1,01,64,000 रुपए नकद के साथ AK-47, SLR, इंसास, 303 रायफल सहित बड़ी संख्या में हथियार और उनके कारतूस बरामद किए। इसके अलावा बीजीएल सेल, रॉकेट लॉन्चर, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, नक्सली वर्दी, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

एक महीने में लगातार मिल रहे हथियार
सुरक्षाबलों के अनुसार, पिछले एक महीने में अबूझमाड़ के जंगलों से लगातार नक्सलियों के हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हो रही है। हालिया कार्रवाई में 3 AK-47, 3 SLR, 2 .303 और 1 .315 बोर रायफल सहित बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस और मैग्जीन भी जब्त किए गए हैं।

इसके अलावा 12 बोर बंदूक, देशी कट्टा, एयर गन और संचार उपकरण जैसे मोटोरोला सेट, वॉकी-टॉकी और रेडियो सेल भी बरामद किए गए हैं।

भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान 132 बीजीएल सेल, 14 बीजीएल कार्टेज, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर के बंडल, लगभग 5 किलो सोरा और 3 किलो व्हाइट पाउडर जैसी खतरनाक सामग्री भी मिली है।

सुरक्षाबलों की इस बड़ी कार्रवाई से नक्सलियों को भारी झटका लगा है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।