Korba के दर्री-कटघोरा मुख्य मार्ग स्थित जेलगांव चौक के पास शुक्रवार को चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार दर्री से कटघोरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत स्थिति को समझते हुए कार को सड़क किनारे रोका और सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। बाद में दमकल विभाग की टीम भी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।







