रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य छत्तीसगढ़ क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक अलग-अलग इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही आने वाले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार तापमान बढ़ने के बाद फिलहाल ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकती हैं। विशेषज्ञों ने खासतौर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
बताया गया है कि इस दौरान प्रदेश में UV रेज की तीव्रता एक्सट्रीम लेवल पर रहेगी। यानी सीधे सूर्य की रोशनी के संपर्क में आने पर त्वचा और आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल के डर्मेटोलॉजी विभाग के HOD डॉ. मृत्युंजय सिंह ने बताया कि तेज UV रेज और भीषण गर्मी के कारण कुछ ही मिनटों में सनबर्न, आंखों में जलन, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉक्टरों ने लोगों को जरूरी होने पर ही बाहर निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के लिए छाता या सनस्क्रीन का उपयोग करने की सलाह दी है।









