अंबिकापुर/तखतपुर/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और बदहाल सड़कों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुए तीन सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। इन घटनाओं ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा और सड़क व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाईवे पर खड़ी ट्रक से भिड़ी कार, एक की मौत
पहली घटना अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकलां के पास हुई। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 से 2:30 बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (CG 04 QS 4079) सड़क पर खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
कार में सवार दो लोगों में से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
सरकारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दूसरी घटना गरियाबंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में नहरगांव के पास हुई। यहां आबकारी विभाग की सरकारी बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी था।
घटना के बाद घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सरकारी वाहन को जब्त कर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।
गड्ढों में फंसा ट्रैक्टर पलटा, युवक और बच्चा दबे
तीसरी घटना तखतपुर में नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर हुई। यहां ईंटों से लदा ट्रैक्टर सड़क के गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे में एक 40 वर्षीय युवक और एक बच्चा ईंटों के ढेर में दब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है और कई बार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। नागरिकों ने आरोप लगाया कि सड़क की खराब स्थिति लगातार हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, बावजूद इसके अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।








