Sunday, June 28, 2026

भारतमाला हाईवे पर भीषण हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरी के पास भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन तीनों को कुचलने के बाद चालक फरार हो गया।

मृतकों की पहचान केदार निर्मलकर, दिलहरन वैष्णव तथा ग्राम कोरबी निवासी एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर पहुंची बलौदा थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला सड़क का निर्माण अभी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है, इसके बावजूद इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी सुरक्षा इंतजाम और गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।