कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के ग्राम खेतार में जंगल में मशरूम (पुटू) तोड़ने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर, करतला निवासी नंदलाल मंझवार के रूप में हुई है। परिजनों का दावा है कि जंगल में मशरूम तोड़ते समय उसे बिच्छू ने डंक मार दिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
ग्रामीणों ने युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया, लेकिन देर शाम उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में कई दिनों से बिजली नहीं होने के कारण मोबाइल फोन बंद थे और 112 या एम्बुलेंस से संपर्क नहीं हो सका। सूचना मिलने पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।










