कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दादर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घुमंतू आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पहली कक्षा का छात्र था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम दादर में मजदूरी कर अपना जीवन-यापन कर रहा है।
पिता से मिलने आया था बेटा, लौटते समय हुआ हमला
मृतक के पिता किशोर पटेल ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे वह गांव के एक घर में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश उनसे मिलने आया था। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौट रहा था, तभी रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
चीख सुनकर दौड़े पिता, तब तक बुरी तरह घायल हो चुका था बच्चा
बेटे की चीख सुनकर पिता मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कुत्ते बच्चे को घसीट-घसीटकर नोच रहे थे। किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को अपने कब्जे में लिया और तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, बच्चे के सिर, गले और गुप्तांग के पास गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्राम दादर और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे पहले भी राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर कई बार कुत्तों के झुंड हमला कर चुके हैं। कई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









