Tuesday, July 21, 2026

Korba Crime News: शराब के नशे में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, उरगा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के भैंसामुड़ा गांव में एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी पति परदेशी धनुहार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आधी रात विवाद के बाद वारदात

उरगा थाना के सब इंस्पेक्टर अमर जायसवाल के अनुसार, यह घटना भैंसामुड़ा गांव में रात करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी परदेशी धनुहार शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान उसका पत्नी अघन बाई (40 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने घर में रखे डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया।

डंडे से पीटकर उतारा मौत के घाट

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घरेलू डंडे से महिला के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। हमले के दौरान महिला काफी देर तक चीखती रही, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

घटना के समय घर के कुछ सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों की नींद खुल गई थी, लेकिन वे महिला को बचाने में असफल रहे।

सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति परदेशी धनुहार को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव में पसरा सन्नाटा

अनुसूचित जनजाति बाहुल्य भैंसामुड़ा गांव में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।