कोरबा। जिले के पुराने बस स्टैंड स्थित रानी धनराज कुंवर अस्पताल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सफाई के दौरान अस्पताल के बाथरूम में एक मानव भ्रूण मिला। सफाई कर्मचारी ने इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में FSL टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
सफाई के दौरान मिला भ्रूण
सफाई कर्मचारी पी. चिना के अनुसार, सोमवार सुबह वह अस्पताल के बाथरूम की सफाई करने पहुंचा था। बाथरूम के अंदर तेज बदबू आने पर उसने जांच की तो वहां भ्रूण पड़ा हुआ दिखाई दिया। कर्मचारी ने तत्काल इसकी जानकारी अपने सुपरवाइजर पवन कुमार साहू को दी।
कर्मचारी का आरोप है कि सुपरवाइजर ने उसे भ्रूण को पन्नी में पैक कर अस्पताल की छत पर रखने के लिए कहा। इसके बाद उससे बाथरूम की सफाई करने को कहा गया।
पुलिस को सूचना देने में हुई देरी
सफाई कर्मचारी के मुताबिक, उसे मामले की गंभीरता और पुलिस को तत्काल सूचना दिए जाने की आवश्यकता की जानकारी नहीं थी। बाद में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और पंचनामा कार्रवाई की गई।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद FSL टीम भी अस्पताल पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
CCTV फुटेज की जांच, कर्मचारियों से पूछताछ
पुलिस अब अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि भ्रूण अस्पताल के बाथरूम तक कैसे पहुंचा, उसे वहां कब छोड़ा गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







