Monday, August 31, 2026

झीरम घाटी हत्याकांड: 13 साल बाद आज NIA कोर्ट सुनाएगी फैसला, 10 आरोपियों पर टिकी नजर

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी हत्याकांड मामले में आज, 31 अगस्त 2026 को बड़ा फैसला आने की उम्मीद है। करीब 13 साल से चल रहे इस मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद जगदलपुर स्थित NIA की विशेष अदालत 10 आरोपियों को लेकर अपना फैसला सुनाएगी। मामले में पहले 11 आरोपी थे, लेकिन इनमें से एक आरोपी की मौत हो चुकी है।

 

दरअसल, 25 मई 2013 को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा सुकमा से जगदलपुर लौट रही थी। इसी दौरान दरभा के झीरम घाटी क्षेत्र में घात लगाए नक्सलियों ने कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हमला कर दिया था।

 

इस हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत कई लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा, तत्कालीन PCC अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल और उदय मुदलियार जैसे प्रमुख नाम शामिल थे। हमले में सुरक्षा बलों के जवान भी शहीद हुए थे, जबकि आम नागरिक भी इसकी चपेट में आए थे।

 

झीरम घाटी हमला छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े और चर्चित नक्सली हमलों में गिना जाता है। इस घटना ने बस्तर समेत पूरे छत्तीसगढ़ की राजनीति को गहराई से प्रभावित किया था। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हुए इस हमले को राज्य की राजनीति के एक बड़े दुखद अध्याय के रूप में देखा जाता है।

 

20 अगस्त 2026 को NIA की विशेष अदालत में मामले की सुनवाई पूरी हो गई थी। अब करीब 13 साल बाद आने वाले फैसले पर बस्तर से लेकर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। फैसला आरोपियों की भूमिका और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगा।