Monday, September 14, 2026

सड़क पर गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल उड़ेलकर जिंदा जलाने की कोशिश, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; आरोपी फरार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवक ने सड़क पर अपनी गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल उड़ेलकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। आग लगने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। महिला का मेकाहारा अस्पताल में इलाज जारी है।

पीड़िता की पहचान राजकुमारी साहू के रूप में

पीड़ित महिला की पहचान राजकुमारी साहू के रूप में हुई है। वह आरंग की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी और आरोपी के बीच प्रेम संबंध था। शादी के बाद महिला अपने ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी।

बताया जा रहा है कि देर रात आरोपी ने महिला पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाई और महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मेकाहारा अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।

फिलहाल वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस प्रेम संबंध सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।