Wednesday, September 23, 2026

पसान पुलिस हिरासत से आरोपी फरार, बाथरूम जाने का बहाना बनाकर भागा; छेड़छाड़ के मामले में था स्थायी वारंटी

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। युवती से छेड़छाड़ के पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में नाकाबंदी कर कई स्थानों पर दबिश शुरू कर दी है।

छेड़छाड़ के मामले में लंबे समय से फरार था आरोपी

फरार आरोपी की पहचान खीरचंद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ युवती से छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत केस दर्ज था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और कोर्ट की ओर से उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।

सूचना मिलने पर पुलिस ने पकड़ा

कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के मुताबिक, खीरचंद पुराने धारा 354 के मामले में स्थायी वारंटी था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान उसने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने उसे बाथरूम जाने दिया, लेकिन आरोपी इसी मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।

फरार आरोपी की तलाश में नाकाबंदी

आरोपी के पुलिस हिरासत से भागने की सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी के परिचितों और संभावित ठिकानों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस हिरासत से फरारी का नया मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी खीरचंद के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 265 के तहत भी प्रकरण दर्ज किया है। अब आरोपी के खिलाफ पुराने छेड़छाड़ के मामले के अलावा हिरासत से फरार होने का नया मामला भी दर्ज हो गया है।

एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

हिरासत में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस की हिरासत व्यवस्था और आरोपी की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर किस तरह आरोपी पुलिस की मौजूदगी में हिरासत से फरार होने में सफल रहा, इसकी भी जांच की जा सकती है।