Thursday, September 24, 2026

CRPF Sports Quota Recruitment 2026: 521 पदों पर भर्ती, बिना लिखित परीक्षा होगा चयन; जानें योग्यता और आवेदन शुल्क

रायपुर। CRPF Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल (GD) और कांस्टेबल (GD) के कुल 521 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती में बैडमिंटन, बॉक्सिंग, फुटबॉल, हैंडबॉल, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, वुशु और योग समेत कुल 22 खेलों को शामिल किया गया है।

521 पदों पर होगी भर्ती

CRPF स्पोर्ट्स कोटा भर्ती के तहत:

  • हेड कांस्टेबल (GD): 182 पद
  • कांस्टेबल (GD): 339 पद
  • कुल पद: 521

हेड कांस्टेबल पद पर चयनित उम्मीदवारों को ₹25,500 से ₹81,100 तक वेतन मिलेगा। वहीं कांस्टेबल (GD) पद के लिए ₹21,700 से ₹69,100 तक का वेतनमान निर्धारित है। इसके अलावा नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ भी मिल सकता है।

18 से 23 वर्ष के उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 1 अगस्त 2026 को 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। निर्धारित शर्तों के अनुसार उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2003 से पहले और 1 जनवरी 2008 के बाद नहीं होना चाहिए।

योग्य खिलाड़ियों को अधिकतम 5 वर्ष तक की आयु में छूट दी जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अतिरिक्त आयु छूट का लाभ मिलेगा।

बिना लिखित परीक्षा होगा चयन

इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले पहचान और दस्तावेजों की जांच होगी। इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षा (PST), स्पोर्ट्स ट्रायल और मेडिकल परीक्षा होगी। जरूरत पड़ने पर रिव्यू मेडिकल परीक्षा भी आयोजित की जा सकती है।

अंतिम चयन उम्मीदवार की पात्रता और निर्धारित चयन प्रक्रिया में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन शुल्क कितना है?

सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹100 निर्धारित किया गया है। वहीं महिला उम्मीदवारों के साथ SC, ST और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

हेड कांस्टेबल के लिए 12वीं पास जरूरी

हेड कांस्टेबल (GD) पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ निर्धारित स्तर की खेल उपलब्धि भी आवश्यक है।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले, नेशनल गेम्स में राज्य या केंद्रशासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी पात्र हो सकते हैं। नेशनल गेम्स में पदक या कम से कम तीसरा स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी पात्रता दी गई है।

इसके अलावा इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट, जूनियर नेशनल गेम्स या चैंपियनशिप में गोल्ड या सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी भी आवेदन कर सकते हैं।