Tuesday, October 13, 2026

CGPSC SI Main Exam 2024: छत्तीसगढ़ में SI भर्ती की मुख्य परीक्षा फिर स्थगित, 7301 अभ्यर्थियों को झटका

CGPSC SI Exam Postponed: छत्तीसगढ़ में सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मंगलवार को परीक्षा स्थगित करने की सूचना जारी की। इस परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। फिलहाल आयोग ने परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान नहीं किया है।

पहले 2 से 4 नवंबर तक होनी थी परीक्षा

CGPSC की ओर से सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा की मुख्य परीक्षा पहले 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को संभावित थी। बाद में परीक्षा की तारीखों में बदलाव करते हुए इसे 2, 3 और 4 नवंबर 2026 के लिए निर्धारित किया गया था। अब आयोग ने इन तारीखों पर भी परीक्षा आयोजित नहीं करने का फैसला लिया है।

आयोग ने परीक्षा स्थगित करने के पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है। हालांकि, नई तारीखों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब नए शेड्यूल का इंतजार करना होगा।

341 पदों पर होनी है भर्ती

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पदों को भरा जाना है। CGPSC ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में आयोजित की गई थी।

परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 183 केंद्र बनाए गए थे। प्रारंभिक परीक्षा में कुल 7,301 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। इन अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है।

शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित होने के बाद SI परीक्षा भी टली

छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर हाल के दिनों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इससे पहले 10 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा और CGPSC-2025 की परीक्षा पर रोक लगने की जानकारी सामने आई थी। शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर किए जाने के बाद रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था।

परीक्षा स्थगित होने से नाराज अभ्यर्थियों ने बिलासपुर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। अब SI संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।

नई परीक्षा तारीखों का इंतजार

मुख्य परीक्षा की तारीखें दोबारा टलने के बाद अभ्यर्थियों को CGPSC की अगली सूचना का इंतजार है। आयोग की ओर से नई तारीखों की घोषणा होने के बाद ही परीक्षा कार्यक्रम स्पष्ट हो सकेगा।