Thursday, November 5, 2026

कोरबा में चोरों के निशाने पर शिव मंदिर, आधी रात दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी; CCTV में कैद हुई वारदात

कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा में चोरी की घटनाओं के बीच अब धार्मिक स्थल भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। निहारिका क्षेत्र की साडा कॉलोनी स्थित नगर निगम आवासीय परिसर के श्री शिव मंदिर में अज्ञात चोर ने दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी पार कर दी। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

आधी रात 12:13 बजे मंदिर में घुसा चोर

जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 12 बजकर 13 मिनट की है। आरोपी मंदिर परिसर में पहुंचा और दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालकर फरार हो गया।

CCTV फुटेज में कैद हुई चोरी

मंदिर में लगे CCTV कैमरे में आरोपी की करतूत रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसके आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

धार्मिक स्थल में चोरी से लोगों में नाराजगी

मंदिर की दान पेटी में चोरी की घटना से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। फिलहाल चोरी हुई नकदी की कुल रकम सामने नहीं आई है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और पुलिस की आगामी कार्रवाई का इंतजार है।