रायपुर। ‘द हनी बैजर न्यूज’ पोर्टल के संचालक और कारोबारी दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद अब बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में उसके होटल और घर पर छापेमार कार्रवाई की है। बिलासपुर क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन और साईं नगर स्थित दीपक टंडन के घर पर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने होटल का DVR और आरोपी की पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस डिजिटल उपकरणों की जांच के जरिए मामले से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
दरअसल, दीपक टंडन पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर तस्वीरों से छेड़छाड़ करने, भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने तथा कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने के आरोप हैं। इस संबंध में बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना में FIR दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने पहले दीपक टंडन को रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था।
होटल और घर में पुलिस ने की तलाशी
दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए बिलासपुर पुलिस की टीम रायपुर पहुंची। क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन में तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद साईं नगर स्थित उसके घर पर भी दबिश दी गई। पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों का DVR और दीपक टंडन की पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया है। इन उपकरणों की जांच के जरिए पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।
मोबाइल में मिले थे आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो
पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन की गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। इन मोबाइल की जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी। अब होटल के DVR और पत्नी के मोबाइल की जब्ती को भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गतिविधियों में किन लोगों की भूमिका रही और डिजिटल माध्यमों का किस तरह इस्तेमाल किया गया।
DSP कल्पना वर्मा प्रकरण में भी आया था नाम
दीपक टंडन का नाम इससे पहले DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आया था। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा में पदस्थ DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उसने दावा किया था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहे और इस दौरान उससे करोड़ों रुपये, महंगी कार और कीमती गहने लिए गए। इस संबंध में उसने DGP और IG को शिकायत भी सौंपी थी। हालांकि, ये आरोप दीपक टंडन की ओर से लगाए गए थे।
फिलहाल बिलासपुर पुलिस AI तकनीक के कथित दुरुपयोग, आपत्तिजनक सामग्री के प्रकाशन और ब्लैकमेलिंग के आरोपों की जांच कर रही है। होटल के DVR और जब्त मोबाइल फोन की डिजिटल जांच के बाद मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना है।







