बिलासपुर में ठंड ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। ठंड की वजह से एक अधेड़ की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह रेलवे स्टेशन के पास खुले आसमान के नीचे सो रहा था। रेलवे स्टेशन के आसपास भीख मांगकर गुजारा करता था।

वहीं रात में कड़ाके की ठंड पड़ने से ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह होते ही ठंड से दांत और हाथ कांपने लगे हैं। न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री पर आ गया है, जो औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है। ठंड से बचने के लिए चौक-चौराहों पर लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं।

ठंड की वजह से रेलवे स्टेशन में एक भिखारी की मौत हो गई।
ठंड की वजह से रेलवे स्टेशन में एक भिखारी की मौत हो गई।

गर्म कपड़ों के साथ ही धूप सेंकते दिखे

बिलासपुर में शुक्रवार को ज्यादा ठंड महसूस हुई, जिसके कारण लोग गर्म कपड़ों के साथ ही धूप सेंकते दिखे। दोपहर में धूप की किरणें तेज होने के बाद ठंड से राहत मिली, फिर जैसे-जैसे सूरज ढलने लगा, शाम को फिर से ठंड शुरू हो गई।

इस दौरान रेलवे स्टेशन सहित चौक-चौराहों पर ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव जलाना पड़ा। आग तापते लोगों को ठंड से राहत महसूस हुई।

वातावरण में नमी, उत्तरी हवाओं से बढ़ी ठंड

मौसम वेधशाला के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाएं आ रही हैं, जिसके कारण वातावरण के मध्य स्तर में नमी का आगमन शुरू हो गया है। हालांकि, इसके कारण न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

बिलासपुर समेत प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 26 नवंबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर में न्यूनतम तापमान में वृद्धि का अनुमान है।