छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में शुक्रवार को BJP पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दीपेश साहू के छोटे भाई दुर्गेश साहू उर्फ लालू पर 4 लड़कों ने हमला कर दिया। लड़कों ने चाकू और ब्लेड से वार किए। इसके चलते वह घायल हो गए। इसके बाद लड़के भाग निकले। जानकारी मिलने पर लोग भड़क गए और थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शहर के वार्ड नंबर-5 निवासी दुर्गेश साहू उर्फ लालू शुक्रवार सुबह करीब 10-11 बजे टिकरीपारा में गौरा-गौरी विसर्जन कार्यक्रम में गए थे। वहां काफी भीड़ थी। इसी भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान 4 लड़कों ने उन पर चाकू और ब्लेड से हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। हालांकि तब तक उनके चेहरे और पर चोट लग चुकी थी। फिलहाल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया है।











