Wednesday, July 29, 2026

मोबाइल में ब्लास्ट…4 बच्चों की जलकर मौत:मां-पिता की हालत गंभीर

मेरठ.मेरठ में शनिवार शाम मोबाइल में ब्लास्ट होने से एक घर में आग लग गई। हादसे में 6 लोग बुरी तरह से झुलस गए। 4 बच्चों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, उनके मां-पिता की हालत गंभीर है। घटना पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के जनता कॉलोनी की है।

पहले चार्जर में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली वायरिंग में आग लगी। इसके बाद गद्दे पर रखे दोनों मोबाइल में एक-एक करके धमाका हुआ। चारों बच्चे उसी गद्दे पर सोए हुए थे। धमाके के बाद सभी बच्चे आग में फंस गए। बच्चों को बचाने आए माता-पिता भी बुरी तरह से झुलस गए। आग इतनी तेज फैली की कोई बाहर नहीं निकल सका।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में कल्लू (5 साल), गोलू (7 साल), निहारिका (9 साल) और सारिका (12 साल) हैं। जबकि इनके पिता जॉनी मेरठ मेडिकल कॉलेज में और मां बबिता दिल्ली एम्स में वेंटिलेटर पर हैं।

बेटी निहारिका और बेटे गोलू की रात 2 बजे मौत हुई। बड़ी बहन सारिका की सुबह 4 बजे और सुबह 10 बजे सबसे छोटे बेटे कल्लू ने भी दम तोड़ दिया। सभी का मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा था।