Tuesday, September 29, 2026

CG में 25 मार्च को वकीलों की महारैली:एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग; रायपुर में देंगे धरना; 22 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

रायगढ़ में नायब तहसीलदार और वकीलों के बीच का विवाद अब दिल्ली तक पहुंचने वाला है। राजस्व भ्रष्टाचार की जांच और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। 25 मार्च को वकीलों ने राजधानी रायपुर में महारैली का आयोजन किया है। इसके बाद 22 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

बीते दिनों रायगढ़ में वकील और नायब तहसीलदार व कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संघ ने प्रदेश व्यापी हड़ताल कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में वकीलों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी कर दी। इसके बाद भी एक सप्ताह तक राजस्व न्यायालयों में तालाबंद कर दिया गया। तहसीलदारों की हड़ताल चल ही रही थी कि प्रदेश भर के वकीलों ने भी आंदोलन शुरू कर दिया। सड़क पर उतर कर धरना-प्रदर्शन और हाईकोर्ट में राजस्व भ्रष्टाचार के खिलाफ पुतला दहन कर चीफ जस्टिस से शिकायत की गई। इसके साथ ही वकीलों ने इस मामले में जनहित याचिका भी लगा दी है। अब वकील राजस्व अफसरों की संपत्ति की जांच और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाल हैं।