Sunday, July 26, 2026

CG BREAKING: तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को 200 मीटर तक घसीटा, दोनों की मौके पर दर्दनाक मौत

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक वाहन के साथ करीब 200 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद कैप्सूल वाहन भी अनियंत्रित होकर पलट गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम संडी स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में कार्यरत कर्मचारी सत्यप्रकाश सोनवानी (34) और गोपी किशन आडिल (25) दुकान बंद करने के बाद मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक और उनकी बाइक करीब 200 मीटर तक वाहन के साथ घिसटते रहे। इसके बाद कैप्सूल वाहन भी लगभग 200 मीटर आगे जाकर अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।