Sunday, October 11, 2026

CG Constable Suicide: कोरबा SP ऑफिस में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल का शव पेड़ पर लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कोरबा एसपी कार्यालय में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल का शव जशपुर जिले के पत्थलगांव में पेड़ पर लटका हुआ मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पत्थलगांव थाना पुलिस ने मामले की जानकारी कोरबा पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पत्थलगांव में मिला आरक्षक का शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय आरक्षक नरहरि पटेल का शव पत्थलगांव में पेड़ पर सफेद रंग की चुन्नी से बने फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। आरक्षक किन परिस्थितियों में पत्थलगांव पहुंचे थे और उनकी मौत के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे नरहरि पटेल

नरहरि पटेल वर्ष 2013 में छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। जानकारी के मुताबिक, वे कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में कार्यरत थे। उनकी पदस्थापना सिविल लाइन रामपुर में भी बताई गई है, जहां वे 27 सितंबर 2023 से तैनात थे।

आरक्षक नरहरि पटेल कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र की दादर बस्ती में निवास करते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है। घटना की खबर सामने आने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

जशपुर जिले की पत्थलगांव थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरक्षक कोरबा से पत्थलगांव कब पहुंचे थे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई।

परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।