Wednesday, July 1, 2026

CG Education News: सरकारी स्कूलों में मंत्रोच्चार जारी रहेगा, सरकार अपने फैसले पर कायम – शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में मंत्रोच्चार को लेकर जारी विवाद के बीच स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार अपने आदेश पर कायम है और सरकारी स्कूलों में मंत्रोच्चार फिलहाल निर्बाध रूप से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अदालत का जो भी निर्णय आएगा, उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देने के उद्देश्य से मंत्रोच्चार कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस, कुछ आदिवासी संगठनों और ईसाई संस्थाओं ने इस आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।

उन्होंने दोहराया कि जब तक न्यायालय की ओर से कोई अलग निर्देश नहीं आता, तब तक सरकारी स्कूलों में मंत्रोच्चार की व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी। सरकार अपने निर्णय पर कायम है और न्यायालय के आदेश का सम्मान करेगी।

रिटायर्ड शिक्षकों को भी मिली बड़ी राहत

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शिक्षा सत्र 2026-27 के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र के बीच सेवानिवृत्त होने वाले पात्र शिक्षक शिक्षा सत्र समाप्त होने तक अपनी सेवाएं दे सकेंगे। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और शिक्षण व्यवस्था में निरंतरता बनी रहेगी।