रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने अधोसंरचना विकास निगम (CIDC) के अंतर्गत विघटित परिवहन निगम के दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने के लिए नई नीति बनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय अंतर्विभागीय समिति गठित की गई है, जो एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
सरकार के अनुसार, सीआईडीसी में रिक्त पद नहीं होने के कारण अनुकंपा नियुक्ति के कई मामले लंबे समय से लंबित हैं, जिससे प्रभावित परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। नई नीति लागू होने के बाद लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण होगा और पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के साथ आर्थिक संबल मिल सकेगा।










