Wednesday, November 18, 2026

CG News: अमित जोगी गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाना पहुंचे, PM मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी मंगलवार को अपनी गिरफ्तारी देने रायपुर के सिविल लाइन थाना पहुंचे। थाने में पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से जुड़ा है। इस मामले में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

अमित जोगी के वीडियो पर भाजपा ने जताई थी आपत्ति

दरअसल, अमित जोगी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को दिखाए जाने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई थी। भाजपा नेताओं ने इसे देश के संवैधानिक पदों और प्रधानमंत्री के प्रति आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई थी शिकायत

भाजपा नेता राजेश मूणत ने इस मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि अमित जोगी ने देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, वह निंदनीय है।

मूणत ने कहा था कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होती है। अपनी बात रखने का एक तरीका होता है, लेकिन इस तरह के वीडियो बनाना उचित नहीं है।

थाने में पुलिस कर रही अमित जोगी से पूछताछ

भाजपा नेता की शिकायत के बाद दर्ज मामले में अमित जोगी मंगलवार को स्वयं सिविल लाइन थाना पहुंचे और गिरफ्तारी देने की बात कही। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।