Saturday, September 12, 2026

CG News: खेत में खाद डाल रहे किसान पर बाघिन का हमला, हाथ-पैर और चेहरे पर गंभीर चोट; 20 दिन में दूसरी घटना

बिलासपुर। मुंगेली जिले से लगे बिलासपुर के कोटा ब्लॉक के दवनपुर गांव में शनिवार को खेत में काम कर रहे एक किसान पर बाघिन ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में किसान के हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि यह घटना अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) से सटे सामान्य वन क्षेत्र में हुई है।

खेत में खाद डाल रहा था किसान, अचानक बाघिन ने किया हमला

जानकारी के मुताबिक, दवनपुर निवासी संजय मरकाम (42) शनिवार को अपने खेत में खाद डाल रहे थे। इसी दौरान खेतों के बीच अचानक एक बाघिन पहुंची और उसने संजय पर हमला कर दिया।

बाघिन के हमले में संजय के बाएं हाथ, बाएं पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल किसान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

कोटा अस्पताल से गनियारी रेफर

घायल संजय मरकाम को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गनियारी स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी इलाके में सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों में बाघिन की मौजूदगी को लेकर डर बना हुआ है।

20 दिन में बाघिन के हमले की दूसरी घटना

इस घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। करीब 20 दिन पहले 24 अगस्त को लोरमी के लक्ष्मण डोंगरी के पास जंगल में पुटू तोड़ने गए बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे पर भी बाघिन ने हमला किया था।

उस हमले में धर्मजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब दवनपुर में किसान पर हुए हमले के बाद 20 दिनों के भीतर बाघिन के हमले की यह दूसरी घटना सामने आई है।

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा को लेकर चिंता

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद वन क्षेत्र से लगे गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेत और जंगल से लगे इलाकों में काम करने के दौरान अब वन्यजीवों के हमले का खतरा बना हुआ है।

वन विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी और बाघिन की गतिविधियों पर नजर रखे जाने की जरूरत है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।