अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। तेज गरज-चमक और बारिश के बीच एक ट्रक पर बिजली गिरने से उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अंबिकापुर-खरसिया रोड पर हुई। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली ट्रक पर गिर गई, जिससे वाहन में आग भड़क उठी।
आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने से ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है।
बारिश के मौसम में लगातार आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।











