रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नारायणपुर में पदस्थ पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी लीक होने और कर्तव्य के अनुरूप काम नहीं करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि निरीक्षक विनीत दुबे का आचरण उनके पद के अनुरूप नहीं पाया गया और उनका व्यवहार विभागीय नियमों के विपरीत था। इसी आधार पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
25 करोड़ की रंगदारी मामले से जुड़ा है पूरा मामला
पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगे जाने के मामले में पुलिस फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश कर रही है।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की रणनीति तैयार की थी। लेकिन आरोप है कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शोएब ढेबर को कार्रवाई की भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया।
गोपनीय रणनीति लीक होने के बाद शुरू हुई जांच
दबिश से पहले ही आरोपी के निकल जाने के बाद पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी लीक होने की आशंका सामने आई थी। इसके बाद पुलिस विभाग ने आंतरिक जांच शुरू की। जांच और रायपुर पुलिस कमिश्नर की रिपोर्ट के आधार पर नारायणपुर में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया।
फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश जारी
25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी के इस मामले में पुलिस अब भी फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। वहीं, पुलिस विभाग के निरीक्षक पर हुई इस कार्रवाई को गोपनीय पुलिस कार्रवाई में लापरवाही और विभागीय अनुशासन के मामले में अहम कदम माना जा रहा है।






