महासमुंद। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे-53 पर कांपा गांव के पास मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क से उछलकर करीब 30 मीटर दूर जाकर पलट गया।
हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
दो युवकों की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में रामेश्वर साहू (32) और सुमित कुमार रात्रे (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल बंजारे (24) और गोवर्धन यादव (24) गंभीर रूप से घायल हुए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान राहुल बंजारे ने भी दम तोड़ दिया। वहीं गोवर्धन यादव का उपचार जारी है।
शेरे पंजाब ढाबे के पास हुआ हादसा
तुमगांव थाना प्रभारी विनोद कश्यप के मुताबिक, ग्राम कांपा निवासी चारों युवक ट्रैक्टर क्रमांक CG-04-NA-9789 से बिरकोनी जा रहे थे।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित शेरे पंजाब ढाबे के पास पहुंचा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क से उछलकर दूर जा गिरा और पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध जानकारी के आधार पर ट्रक और चालक का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।








