राजनांदगांव.छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान 2 करोड़ में टिकट की डील और ठगी का मामला सामने आया है। राजनांदगांव में कांग्रेस पार्षद राजेश गुप्ता ने प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव नलिनी मेश्राम को झांसे में लेकर 30 लाख ठग लिए।
नलिनी के मुताबिक आरोपी ने कहा था आपको मंत्री भी बनाएंगे..पूरा सेटअप है। मामले में एसपी से 28 अक्टूबर 2023 को शिकायत हुई, लेकिन अब 17 अगस्त 2024 को FIR दर्ज हुई है।
इससे पहले भी विधानसभा चुनाव में टिकट बांटने में कांग्रेस के बड़े नेताओं पर पैसे के लेन-देन के आरोप लगे थे। बिलासपुर मेयर और पूर्व MLA का एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें टिकट की 4 करोड़ में डील होने का आरोप लगाया गया था।

डोंगरगढ़ की रहने वाली प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव नलिनी मेश्राम ने पुलिस को बताया कि, कांग्रेस पार्षद और MIC मेंबर राजेश गुप्ता ऊर्फ चंपू अक्सर डोंगरगढ़ दौरे पर रहता था। उन्हें संगठन ने लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन के लिए नियुक्त किया था। इसी दौरान एक-दूसरे से पहचान हुई थी।
विधायक बनोगी तो भूल मत जाना…
नलिनी के शिकायत लेटर के मुताबिक, जान-पहचान होने के बाद 2023 विधानसभा चुनाव से पहले राजेश गुप्ता नलिनी के घर पहुंचे थे। इस दौरान नलिनी के पति भी मौजूद थे, राजेश ने कहा कि, बहना और जीजा सच-सच बताओ चुनाव लड़ने की पक्की तैयारी है क्या?
विधायक बनोगी तो भूल मत जाना… इस तरह इधर-उधर की बात कर टिकट दिलाने का दावा किया। उसने कहा कि, राहुल गांधी के दूत आने वाले है, वे सर्वे कर जिताऊ उम्मीदवार को खोज रहे हैं। जब भी आएंगे तो आपको बुलाऊंगा।
दिल्ली से टिकट भी दिलाएंगे मंत्री भी बनाएंगे…
नलिनी ने बताया कि, मुलाकात के 4 दिन बाद राजनांदगांव के सर्किट हाऊस में उसने बुलाया। मैं अकेली गई तब घनश्याम विश्वकर्मा नाम के आदमी के साथ मेरी मुलाकात कराई। चर्चा हुई और उसने कहा कि, मैं राहुल गांधी का दूत हूं।
दूसरे दिन मैं अपने पति संतोष मेश्राम के साथ फाइनल बात करने गई। 12 जुलाई 2023 को सर्किट हाऊस राजनांदगांव में हमें बुलाया गया फिर 2 करोड़ रुपए में कांग्रेस पार्टी का टिकट देने की बात तय हुई। घनश्याम विश्वकर्मा ने 2 करोड़ रुपये कैसे देना है उसका चार्ट बनाया।









