Thursday, November 19, 2026

Chhattisgarh IT Raid: छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी, 16 टीमों ने एक साथ दी दबिश; बर्बरीक, सन स्टील और PRA ग्रुप के ठिकानों पर जांच

रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जिलों में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है। रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में आयकर विभाग की 16 अलग-अलग टीमों ने तड़के सुबह करीब 5 से 6 बजे दबिश दी। अधिकारियों की टीमें कारोबारियों के आवास, कार्यालय और औद्योगिक परिसरों में पहुंचकर टैक्स से जुड़े दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कर चोरी की शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर की जा रही है।

16 टीमों ने पांच जिलों में एक साथ की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग ने इस कार्रवाई के लिए 16 से अधिक टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार सुबह एक साथ अलग-अलग जिलों में चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में बल भी तैनात किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी और औद्योगिक जगत में हड़कंप मच गया है।

रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात पर छापा

रायगढ़ में उद्योगपति श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल से जुड़े ठिकाने आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के कार्यालयों, उद्योग परिसरों और संचालकों के आवास पर अधिकारियों ने दबिश दी है।

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ में करीब 3 से 4 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की जा रही है। रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के आवास के साथ कार्यालयों और औद्योगिक परिसरों में भी टैक्स से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

रायपुर में PRA ग्रुप सहित कई ठिकानों पर IT की दबिश

राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई का दायरा व्यापक बताया जा रहा है। तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में आयकर विभाग की टीम पहुंची है। इसके अलावा चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में भी दबिश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

वहीं रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाके में भी अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की खबर है। अधिकारी संबंधित कारोबारियों के दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएंगे बड़े खुलासे?

प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्रों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों, जांच में मिले दस्तावेजों और किसी संभावित कर अनियमितता को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।

आयकर विभाग की टीमें अभी विभिन्न ठिकानों पर जांच में जुटी हुई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस कार्रवाई में क्या-क्या तथ्य और वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।