Sunday, August 16, 2026

CM के गढ़ में 2 महिला नेता आमने-सामने:स्मृति ईरानी पाटन और प्रियंका गांधी भिलाई से भरेंगी चुनावी हुंकार, महिला वोटर्स पर दोनों की नजर

रायपुर.महिला आरक्षण बिल मंगलवार को लोकसभा में पास हुआ है। इसके बाद गुरुवार को छत्तीसगढ़ में दो कद्दावर महिला नेता आमने-सामने नजर आने वाली हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी जहां भिलाई में होने वाले पार्टी के अब तक के सबसे बड़े महिला सम्मेलन में शिरकत करेंगी। वहीं भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दुर्ग जिले के ही पाटन में जनसभा को संबोधित करेंगी।

राजनितिक रूप से छत्तीस का आंकड़ा रखने वाली ये दोनों महिला नेता चुनावी साल में अपनी-अपनी पार्टी को ऑक्सीजन देने आ रही है। एक तरफ प्रियंका तो दूसरी तरफ स्मृति मोर्चा संभालती नज़र आएंगी। अमेठी में राहुल गांधी को मात दे चुकी स्मृति की सभा मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में हो रही है। परिवर्तन यात्रा के बहाने बीजेपी ने भूपेश बघेल के किले को भेदने की कोशिश में है।

सियासी शतरंज में विजय बघेल और स्मृति पर दांव

भाजपा ने भूपेश बघेल को टक्कर देने के लिए पहले ही सांसद विजय बघेल को पाटन विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतार दिया है। सियासी शतरंज में ये दांव और मजबूत हो सके इसके लिए अमेठी फतह करने वाली स्मृति को अब भेजा जा रहा है। वह जहां 15 साल की बीजेपी सरकार की उपलब्धियां बताएंगी, वहीं 5 साल में कांग्रेस सरकार की क्या नाकामियां रही हैं वह भी गिनवाएंगी।