Tuesday, August 25, 2026

CM और डिप्टी CM पर आपत्तिजनक टिप्पणी, इंस्टाग्राम पेज संचालक समेत दो पर FIR; पुलिस कर रही डिजिटल जांच

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने इंस्टाग्राम पेज संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस अब सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी है।

इंस्टाग्राम वीडियो के कमेंट में कथित अभद्र भाषा

मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रायपुर निवासी राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, इंस्टाग्राम पर ‘सागर निर्मलकर’ नाम की आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। आरोप है कि इसी वीडियो के कमेंट बॉक्स में @quail.3131469 नाम की आईडी से मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया।

शिकायतकर्ता ने कार्रवाई की मांग की

शिकायतकर्ता ने पुलिस से दोनों संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की नीतियों और कार्यों की आलोचना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आदिवासी समुदाय से आते हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि इस तरह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच

FIR दर्ज होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित वीडियो, पोस्ट और कमेंट से जुड़ी डिजिटल जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस दोनों सोशल मीडिया अकाउंट के संचालकों की पहचान और मामले में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

इसके लिए तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध डिजिटल जानकारी को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित टिप्पणी किसने की और सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की इसमें क्या भूमिका रही।