
इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) का ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट शनिवार शाम हैक हो गया है। हैकर्स ने अकाउंट का नाम बदलकर india.eth कर दिया, जिसे बाद में हटा दिया गया। हैकर ने ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल पिक्चर और हैडर इमेज भी कुछ देर के लिए बदल दी और एक एनिमेटेड फोटो लगा दी। बाद में दोनों फोटो भी हटा दी गईं। हैक होने के कुछ सेकेंड्स के बाद ट्विटर हैंडल से कई सारे स्पैम मैसेज किए गए।
भारत मौसम के डायरेक्टर जनरल मृत्युंजय महापात्रा ने कहा, ‘हमारा ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया है, हम इसे बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इसके पीछे कौन है। डायरेक्टर जनरल ने कहा कि हैकिंग ऐसे समय में हुआ है, जब भारत के कुछ हिस्सों में चल रही भीषण गर्मी के कारण IMD हैंडल पर ट्रैफिक बढ़ी हुई है।
शुक्रवार रात को योगी आदित्यनाथ के ऑफिस का ट्विटर भी हैक हुआ था
इससे पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के ऑफिस का ट्विटर हैंडल भी शुक्रवार देर रात हैक हो गया था। हैकर्स ने सीएम ऑफिस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल @CMOfficeUP का सबसे पहले बायो और फिर प्रोफाइल पिक्चर बदल दी थी। हैकर ने ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल पिक्चर में भी सीएम योगी की फोटो की जगह एक एनिमेटेड फोटो लगा दी थी। इसके बाद बायो में जहां ‘ऑफिशियल ट्विटर हैंडल ऑफ चीफ मिनिस्टर ऑफिस उत्तर प्रदेश’ लिखा था। वहां, को-फाउंडर @BoredApeYC @YugaLabs लिख दिया था









