Wednesday, October 14, 2026

CRPF के सब इंस्पेक्टर ने सर्विस हथियार से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में CRPF के एक सब इंस्पेक्टर की गोली लगने से मौत हो गई। मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने कथित तौर पर अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए इल्मागुड़ा कैंप ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आधी रात को हुई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, घटना मध्यरात्रि करीब 12 बजे से 12:30 बजे के बीच की है। 131वीं वाहिनी CRPF में पदस्थ उपनिरीक्षक देवानंद यादव, पिता रामानंद यादव, मेट्टागुड़म कैंप में तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल उपनिरीक्षक को फील्ड एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए इल्मागुड़ा कैंप ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हैं।

मृतक के पार्थिव शरीर का नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे उनके गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।