Saturday, August 15, 2026

भूतेश्वर मंदिर में लेजर लाइट से बिखेरी शिव महिमा की छटा, मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे शिवभक्त

गरियाबंद. सावन के पवित्र माह में गरियाबंद के विश्व प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ मंदिर प्रांगण में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है. छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से कांवड़िएं जल लेकर बोलबम के नारे लगाते हुए भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग में जल चढ़ाने के लिए प्रतिदिन भारी संख्या में पहुंच रहे हैं. इसी कड़ी में 20 अगस्त रविवार को भूतेश्वर युवा भण्डारा समिति के द्वारा भव्य लेजर लाइट और डीजे साउंड शो का आयोजन किया गया. लेजर लाइट के रंग बिरंगी रोशनी से भूतेश्वरनाथ के शिवलिंग पर कई कलाकृतियां बनाई गई. रंग बिरंगी किरणों ने शिव महिमा की छटा बिखेरी. साथ ही शानदार आतिशबाजी भी की गई.बता दें कि, लेजर लाइट शो और डीजे साउंड शो देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचें. भक्तिमय डीजे साउंड शो में शिवभक्त मंत्रमुग्ध होकर झूमे. लेजर लाइट शो देर रात्रि तक मंदिर प्रागंण में चलता रहा, जिससे दूर-दूर तक शिव जी को जल चढ़ाने के लिए पैदल आने वाले श्रद्धालुगण अपनी थकान को भुलकर भक्तिमय माहौल में डूबे रहे. उन्हें यहां आकर दिव्य अनुभूति हुई. समिति द्वारा श्रद्धालुओं के सेवा और भक्तिमय मनोरंजन का विशेष ख्याल रखा गया. मंदिर परिसर में आए भक्तजनों को समिति की ओर से आयोजित भोग भण्डारा में प्रसाद और भोजन का भी वितरण किया गया.