Wednesday, April 29, 2026

*सात महीने से लापता बुजुर्ग महिला को डायल 112 ने परिजनों से मिलाया*

कोरबा: डायल 112 की टीम ने बड़ी ही सुझबुझ और तत्परता के साथ सात महीने से लापता एक बुजुर्ग महिला को उसके परिजनों से मिलाया, जिससे परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। यह घटना बालकों क्षेत्र की है, जहां एक जागरूक नागरिक ने सुबह से एक बुजुर्ग महिला को अकेले और परेशान बैठे देखा और डायल 112 को सूचना दी।

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तुरंत परसाभाठा शिव मंदिर के पास पहुंची, लेकिन बुजुर्ग महिला वहां से जा चुकी थी। इसके बाद टीम ने काफी प्रयासों के बाद नेहरू नगर मुक्तिधाम के पास महिला को ढूंढ निकाला। पूछताछ में महिला ने अपना नाम इतवारीन बाई यादव और पति का नाम ननकी राम यादव बताया। महिला ने यह भी बताया कि वह करतला क्षेत्र की केरवा बस्ती की निवासी है।

डायल 112 की टीम ने तुरंत उस क्षेत्र के सरपंच से संपर्क किया, जिससे पता चला कि इतवारीन बाई पिछले सात महीने से लापता थीं। वह अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकली थीं, लेकिन वहां कभी नहीं पहुंचीं। सरपंच की मदद से डायल 112 को बुजुर्ग महिला की बेटी का पता चला, जो कोरबा में रहती है। बेटी को जैसे ही अपनी मां के मिलने की खबर मिली, वह बेहद खुश हुई और अपनी मां को घर ले गई।

इस सफल प्रयास के लिए डायल 112 के आरक्षक मनोज मिश्रा और चालक सतेंद्र सिंह गेंदले की खूब प्रशंसा की जा रही है। साथ ही उस जागरूक नागरिक का भी धन्यवाद, जिसकी सतर्कता से यह संभव हो पाया। डायल 112 की इस पहल से यह साबित होता है कि वे हर विकट परिस्थिति में लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।