रायपुर। रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन और दंतेवाड़ा की DSP कल्पना वर्मा से जुड़ी बहुचर्चित कंट्रोवर्सी मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। मामले की जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपे जाने के बाद रिपोर्ट में गंभीर खुलासे किए गए हैं, जिसके आधार पर DSP कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि DSP कल्पना वर्मा ने होटल कारोबारी दीपक टंडन से न केवल बड़ी रकम और महंगे गिफ्ट लिए, बल्कि वॉट्सऐप चैट के माध्यम से विभाग की गोपनीय और खुफिया जानकारियां भी साझा कीं। रिपोर्ट के अनुसार, यह कृत्य सेवा नियमों और गोपनीयता के गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में आता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए DSP कल्पना वर्मा को निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
DSP कल्पना वर्मा के निलंबन का आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को एक बड़ा कदम माना जा रहा है और माना जा रहा है कि मामले में आगे विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
फिलहाल इस प्रकरण को लेकर पुलिस और गृह विभाग की गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।









