Thursday, September 24, 2026

EVM पर यूपी के 17 जिलों में हंगामा:आगरा में सरकारी गाड़ी से हथौड़ी-छेनी मिलने पर नारेबाजी, कौशांबी में सपा कार्यकर्ताओं ने DM की गाड़ी तक चेक की

UP में चुनाव के नतीजों से पहले EVM को लेकर प्रदेशभर में हंगामा मचा हुआ है। इस बीच वाराणसी में बड़ी कार्रवाई हुई है। स्ट्रांग रूम के बाहर गाड़ी में EVM मिलने के मामले में EVM प्रभारी ADM नलिनीकांत सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। इससे पहले डीएम और कमिश्नर के हटाए जाने की बात सामने आई थी। लेकिन बाद में शासन ने इंकार कर दिया।

वाराणसी में मंगलवार रात EVM को लेकर 8 घंटे बवाल हुआ था। 300 नेताओं-कार्यकर्ताओं के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। उधर, सोनभद्र के SDM रमेश कुमार को भी हटा दिया गया है। उनकी गाड़ी में बैलेट पेपर मिलने को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। उधर, आगरा में एक अधिकारी की गाड़ी से वोटर लिस्ट निकलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गाड़ी से सूटकेस में छेनी, हथौड़ा मिले हैं। मतगणना स्थल पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद हैं।

कौशांबी में बुधवार दोपहर मतगणना स्थल पर जा रहे DM सुजीत कुमार की गाड़ी को सपा कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। सपा कार्यकर्ताओं ने DM की गाड़ी को खंगाला। करीब 20 मिनट तक चेकिंग के बाद गाड़ी को अंदर जाने दिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं के गुस्से को देखते हुए DM चुपचाप गाड़ी में बैठे रहे।

 

उधर, मुरादाबाद में करीब 1500 से ज्यादा खाली बैलेट पेपर मिले। इसको लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने खूब हंगामा किया। उन्नाव में मतगणना स्थल के पास सुबह सपा नेताओं ने लेखपाल को पकड़ लिया। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लेखपाल EVM सील करने का सामान ले जा रहा था।