Thursday, July 30, 2026

हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट:11 लोगों की मौत, कटकर दूर जा गिरे हाथ-पैर; रेस्क्यू में सेना की मदद ली जाएगी

पटाखा फैक्ट्री में धमाके से 60 से अधिक घरों में आग लग गई। प्रशासन ने 100 से ज्यादा घर खाली कराए हैं। - Dainik Bhaskarहरदा.मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। 100 से ज्यादा घायल हैं।  बताया कि फैक्ट्री के आसपास सड़क पर भी कुछ शव पड़े हुए दिख रहे हैं। प्रशासन ने 25 से ज्यादा घायलों को हरदा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना की मदद ली जाएगी। लोगों को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया जाएगा।

पटाखों की यह फैक्ट्री मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। धमाका मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। धमाका इतना तेज था कि पूरे शहर में इसकी आवाज सुनाई दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। करीब एक घंटे तक धमाके होते रहे।

जानकारी मिली है कि फैक्ट्री के आसपास बने घरों में बारूद रखा था। धमाके के बाद 60 घरों में आग लग गई। एहतियातन 100 से ज्यादा घरों को खाली कराया गया है। हरदा के आसपास 7 जिलों की फायर ब्रिगेड बुलाई गई हैं। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। हरदा एसडीएम केसी परते ने कहा कि फैक्ट्री अनफिट थी।