Saturday, October 17, 2026

महिला पत्रकार को धमकी देने वालों के खिलाफ एफआईआर

रायपुर. छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की सरकारी जमीन पर बच्चों के खेल मैदान में अवैध रूप से मंदिर बनाने की तैयारी की जा रही थी. इसका विरोध करने वाली पत्रकार ममता लांजेवार के घर में जाकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उन्हें धमकी दी. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को पकड़ा है. वहीं पत्रकार ममता लांजेवार निवासी हिमालयन हाईट्स के आवेदन पर उनके निवास पर जाकर धमकाने के आरोप में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजेंद्र नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.

पत्रकार ममता लांजेवार के आवेदन पर उनके निवास पर जाकर धमकाने के आरोप में सत्यभामा चौहान, गजमोहन साहू और अन्य बजरंग दल के कार्यकर्ता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकारी सचिव धर्मराज महापात्र ने वरिष्ठ महिला पत्रकार और प्रेस क्लब की पदाधिकारी ममता लांजेवार के हिमालय हाइट्स स्थित निवास के समक्ष बजरंग दल के गुंडों की गुंडागर्दी की तीव्र भर्त्सना करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति पर ऐसे कोई भी निर्माण गैर कानूनी है. उनके इस कृत्य पर जायज आपत्ति दर्ज करने पर बजरंग दल के गुंडों ने उन्हें धमकाने उनके घर पर पंहुचकर दुर्व्यवहार किया और धमकियां दी. पार्टी ने कहा कि ये प्रदेश की राजधानी में खुलेआम कानून व्यवस्था को अपराधियों द्वारा चुनौती का भी मामला है. गैर कानूनी निर्माण को रोकने की मांग के साथ ही पार्टी ने ऐसे तत्वों पर नकेल कसने राज्य सरकार और पुलिस से तत्काल कदम उठाने की मांग की है.