कोरबा। कोरबा शहर से सटे क्षेत्र में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में स्कूटी पर घूमने निकले भाई-बहन को एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे बहन की मौत हो गई और भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोरी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना राताखार मार्ग पर स्थित शिव ग्लास के संचालक की पुत्री 18 वर्षीय मीनल और उसका भाई के साथ हुई। रात करीब 9-10 बजे के बीच, जब उनकी मां ने उन्हें खाने के लिए घर आने को कहा, तो वे दोनों स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में जश्न रिसोर्ट के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे मीनल की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा मीनल के परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मीनल के निधन की खबर सुनते ही परिजन और शुभचिंतक अस्पताल में जमा हो गए हैं। शहर के लोग इस दुखद घटना से बेहद व्यथित हैं और सभी की संवेदनाएं मीनल के परिवार के साथ हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे ने फिर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को उजागर कर दिया है।









