Saturday, September 19, 2026

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से बगावत खुलकर सामने आई

बिलासपुर. टिकट से वंचित दावेदारों की नाराजगी और बगावती तेवर से सत्ताधारी दल कांग्रेस व प्रमुख विपक्षी भाजपा के रणनीतिकारों की परेशानी बढ़ने लगी है। प्रबंधन की सारें कोशिशें व कवायद का प्रभावी असर अब तक देखने में नहीं आया है। नाराज दावेदारों के घर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी है। कार्यकर्ताओं का दबाव नाराजगी को और हवा देने का काम करने लगा है।

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से बगावत खुलकर सामने आ गया है। पूर्व सांसद कमला पाटले की बेटी व मस्तूरी जनपद पंचायत की पूर्व अध्यक्ष चांदनी भारद्वाज ने भाजपा से इस्तीफा देकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की सदस्यता ग्रहण कर ली है। जकांछ में शामिल होने के साथ ही मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते भी दिखाई देंगी।

विपक्षी दल भाजपा के साथ ही सत्ताधारी पार्टी के रणनीतिकार भी नाराजगी और बगावत से आहत नजर आ रहे हैं। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेसी रणनीतिकारों को दोतरफा नाराजगी झेलनी पड़ रही है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में बिल्हा सीट से पराजित प्रत्याशी राजेंद्र शुक्ला की जगह जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से कांग्रेस में आने वाले पूर्व विधायक सियाराम कौशिक को प्रत्याशी बनाया है। राजेंद्र की नाराजगी भी अब सार्वजनिक होने लगी है। बीते दिनों कार्यकर्ताओं की बैठक में उनका दर्द भी बाहर आया था।

राजेंद्र के साथ ही एक और प्रबल दावेदार छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल की सदस्य,मुंगेली जिला प्रचायत की सभापति अंबालिका साहू ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अंबालिका ने कांग्रेस पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को समर्थकों के हस्ताक्षर के साथ इस्तीफा भेज दिया है। बिल्हा विधानसभा सीट से दो नेताओं की नाराजगी उभरकर सामने आ गई है। कमोबेश कुछ इसी तरह की स्थिति मुंगेली जिले की लोरमी सीट पर भी नजर आ रही है।

लोरमी में कांग्रेस ने थानेश्वर साहू को उम्मीदवार बनाया है। मुंगेली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सागर सिंह बैस की नाराजगी भी खुलकर सामने आ गई है। चर्चा तो इस बात की भी हो रही है कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी से उनकी मुलाकात हुई है। मुलाकात के दौरान क्या चर्चा हुई और आगे उनकी क्या रणनीति रहेगी यह बात सामने नहीं आया है। समर्थकों की मानें तो सागर चुनाव मैदान में ताल ठोंकते नजर आएंगे। कांग्रेस के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रुपलाल कोसरे ने भी पार्टी छोड़ दी है।

त्रिलोक समर्थकों की नाराजगी आने लगी सामने :-

बेलतरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के दावेदार त्रिलोक श्रीवास समर्थकों की नाराजगी भी अब खुलकर सामने आने लगी है। सोमवार को उनके निवास में समर्थक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी। कार्यकर्ताओं का दोटूक कहना था कि इस तरह की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं करेंगे। समर्थक कार्यकर्ता त्रिलोक पर जल्द निर्णय लेने और विकल्प चुनने का दबाव बना रहे हैं। कार्यकर्ताओं की माने तो जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के दिग्गज पदाधिकारी लगातार संपर्क कर रहे हैं। बसपा के दिग्गज पदाधिकारी भी संपर्क साध रहे हैं।