कांकेर, 15 दिसंबर 2024। जिले के हेटारकसा गांव में बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान घायल हो गया। यह घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे पानीडोबीर कैंप के पास हुई।

कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने जानकारी दी कि नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों का एक दल हेटारकसा गांव की सड़क पर गश्त के लिए रवाना हुआ था। अभियान के दौरान पानीडोबीर कैंप के नजदीक सड़क पर बारूदी सुरंग की मौजूदगी की जानकारी मिली।

विस्फोट में जवान घायल

सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने का प्रयास किया। इसी दौरान बारूदी सुरंग में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में बीएसएफ जवान बी. ईश्वर राव के हाथ और चेहरे पर चोटें आईं।

पुलिस अधीक्षक एलेसेला ने बताया कि घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जवान की हालत स्थिर बताई जा रही है।

नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बल सतर्क

नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता और बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बल क्षेत्र में संभावित नक्सली गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं